टिकैत बोले: खेत की तरह आंदोलन की करनी होगी रखवाली

नई दिल्ली। केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के छह माह पूरे होने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुधवार को कहा कि यह आंदोलन अभी लंबा चलेगा। कोरोना काल में कानून बन सकते हैं तो समाप्त क्यों नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन को कुचलने का प्रयास करेगी। आंदोलन का हश्र क्या होगा, अभी यह नहीं पता। अगर आंदोलन असफल हुआ तो सरकार मनमर्जी करेगी और अगर सफल रहा तो किसानों की आने वाली पीढिय़ों को लाभ मिलेगा।
कोरोना काल में सरकार ने क्या किया समझ नहीं आया। ऑक्सीजन देने वाले को लाठी मिली। समझ में नहीं आया कि सरकार देना क्या चाहती थी 400 का इंजेक्शन 40 हजार में बेचा गया। बीमारी के नाम पर देश को लूटा गया। रोटी तिजोरी की वस्तु बन गई है। उसी के नाम पर यह आंदोलन है। हम शांति से आंदोलन बढ़ाएंगे। ये आंदोलन 2024 तक भी चल सकता है। किसानों को इसके लिए उसी तरह तैयार रहना है जैसे वो फसलों की तैयारी करते हैं।