अखिलेश बोले: योगी सरकार के दिन गिने चुने

सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का सिंहनाद करते हुये समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को टायरों के नीचे कुचलने और उनका अपमान करने वाली भारतीय जनता पाटीर् (भाजपा) की सरकार के दिन गिने चुने रह गये हैं। चौधरी यशपाल की जयंती के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए कहा “ योगी उसको बोलते है जो दूसरे का दुख अपना समझे। गुरुनानक देव ने कहा है कि माया के बीच रहकर माया से दूर रहे वो योगी होते है मगर मुख्यमंत्री योगी और उनके लोगों का कारनामा लोगों ने लखीमपुर में देखा जहां गाडियों के टायरों से किसानो को कुचला गया। कानून को भी कुचलने की भी तैयारी थी। उन्हे देर नहीं लगेगी कि जब वह संविधान को भी कुचल देंगे।”उन्होंने कहा “ किसान अन्नदाता है वह हमारा पेट भरता हैं। हमे पहनने को कपड़े देता है। मौजूदा सरकार में हालांकि उसे अपमानित होना पड रहा है। किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे है और यह सरकार उनका मवाली कह रही है। उनका वश चले तो आतंकवादी कह दें। भाजपा के अपमान के बावजूद किसान पीछे हटने को तैयार नही है। वह गद्दी पर बैठाना भी जानते है और उतारना भी जानते है।”