भारत के लोग अमेरिका से अच्छे रिश्ते बनाना चाहते: राम नाईक

ram naik with amerikan ambesder 19 aug
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने भारत में अमेरिका के राजदूत रिचर्ड राहुल वर्मा से बुधवार को राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिकी दौरे एवं राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत आगमन से दोनों देशों के रिश्तों में नयी शुरूआत हुयी है। नये रिश्ते की शुरूआत से देश में व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों की जनता इससे लाभान्वित होगी। भारत के लोग अमेरिका से अच्छे रिश्ते बनाना चाहते हैं। राज्यपाल ने कहा कि जो भी विदेशी मेहमान भारत आता है वह पर्यटन की दृष्टि से आगरा का ताजमहल, बनारस के घाट व इलाहाबाद का संगम देखने अवश्य जाता है। उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय पर्यटन के अनेक स्थल हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अवस्थापना विकास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में अनेक नयी महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू कर रही है। प्रदेश में तकनीकी विकास से काफी लाभ हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ज्यादातर लघु एवं सीमान्त किसान हैं, जिनके हित को ध्यान में रखते हुए एक नयी कार्य योजना से लाभ हो सकता है। राज्यपाल ने प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ एवं ऊर्जा के क्षेत्र से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की।