यूपी में सरकार नहीं गिरोह काम कर रहा है : अमित शाह, कार्यक्रम में हुई झड़प

knp
कानपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि न सपा न बसपा केवल भाजपा। प्रदेश की आताताई अखिलेश सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। प्रदेश में सरकार नहीं गिरोह चल रहा है। आज प्रदेश में गरीब आम जनता की कौन कहे पत्रकार, आईपीएस अधिकारी तक अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हंै। कानून व्यवस्था को सबसे ज्यादा चुनौती सरकार के मंत्रियों, विधायकों और सपा के नेताओं द्वारा मिल रही है। इस सरकार को बसपा और कांग्रेस का मूक समर्थन प्राप्त है। शाह के कार्यक्रम के दौरान ही आप और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर झड़प भी हुई। आप कार्यकर्ता व्यापम घोटाले को लेकर शाह से मिलना चाहते थे जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आप कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गयी। इससे पहले कानपुर आगमन पर शाह का सपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर स्वागत किया। अहम बात यह रही कि तमाम निर्देशों के बाद भी भाजपा के कई बड़े नेता इस कार्यक्रम में नहीं आये। उसमें कानपुर से सांसद मुरली मनोहर जोशी, मेनका गांधी व उनके पुत्र वरुण गांधी भी शामिल हैं।
कार्यक्रम में श्री शाह ने कहा कि भारत वर्ष में 1600 राजनैतिक दल हैं जिनमें से दो-तीन पार्टीयों में ही आंतरिक लोकतंत्र है जिसमें भारतीय जनता पार्टी एक प्रमुख दल है। उन्होंने कहा कि अन्य दलों में यह तो राज घरानों के लोग अध्यक्ष बनते है यह कुछ लोगों के परिवार की पार्टियां हैं। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा दल है जहां बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव होता है। वर्ष 2015 को उन्होंने संगठन को मजबूत करने का वर्ष बताते हुए कहा कि पार्टी में उन सात राज्यों में संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया चल रही है जहां पहले भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूत नहीं था।
श्री शाह ने यूपी के सभी प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों तथा महासम्पर्क अभियान में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आहवान करते हुए कहा कि उप्र में ऐसा संगठन तैयार करें जो अगले 25 वर्षो तक सत्ता में काबिज रहे ताकि उप्र में पार्टी सबके साथ-सबके विकास को साकार कर सके। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के प्रथम चरण में डिजिटल सदस्यता के माध्यम से 1 करोड़ 86 लाख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया गया। दूसरे चरण में महासम्र्पक अभियान के माध्यम से सभी से व्यतिगत सम्पर्क तीसरे चरण में उन सदस्यों ने जिन्होंने पार्टी संगठन में काम करने के प्रति रूचि दिखाई है उनकों पार्टी की बैचारिक पृष्ट भूमि से अवगत कराना और चौथा चरण अगस्त माह से प्रारम्भ होगा जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को प्रक्षिशित किया जायेगा।