भारत- नेपाल बार्डर पर बढ़ा टेंशन, फायरिंग में एक की मौत

bharat nepal border

काठमांडू। भारतीय सीमा के साथ लगते बीरगंज में प्रदर्शन के दौरान नेपाल पुलिस की फायरिंग में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है। मृतक का नाम आशीष कुमार (24) था और वो बिहार के दरभंगा का रहने वाला था। नेपाल में चल रहे मधेसी आंदोलन के चलते भारतीय ट्रकों को रक्सौल से ही वापस लौटा दिया गया है। आंदोलन की वजह से मैत्री पुल पर नेपाल सरकार ने काफी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया है। मैत्री पुल से ही लौटाए गए एक भारतीय ड्राइवर ने कहा कि वह अब वापस जा रहा है, जिससे वह काफी खुश है। अब वह अपने परिवार से मिल सकेगा। वह यहां पर काफी समय से फंसा हुआ था। इससे पहले नेपाली पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर महत्वपूर्ण मितेरी पुल पर बैठे आंदोलनरत प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक हटा दिया। इसके लिए उन्हें लाठीचार्ज भी करना पड़ा। मधेसियों को यहां से खदेडऩे के बाद ही आज 40 दिनों के बाद बीरगंज-रक्सौल सीमा को खोला गया। सीमा खुलने के बाद करीब 170 मालवाहक ट्रक नेपाल से भारत की ओर गए। हालांकि भारत की तरफ से अब तक किसी भी ट्रक ने नेपाल में प्रवेश नहीं किया है। एजेंसिया