हम और पासवान ने किया बीजेपी का बेड़ा गर्क

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए को महागठबंधन के सामने हार मिलती दिख रही है। रूझानों में लालू-नीतीश का मेल भाजपा के गठबंधन पर भारी पड़ रहा है। भाजपा की जीत की उम्मीदों को उसके साथी दल हिंदुस्तान अवामी मोर्चा(हम), लोक जनशक्ति मोर्चा(लोजपा) और राष्ट्रीय लोकसमता दल(रालोसपा) ने नुकसान पहुंचाया। हम, लोजपा और रालोसपा ने कुल मिलाकर 80 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन चारों मिलकर इसकी आधी सीटें भी नहीं जीत पा रहे हैं।
गठबंधन के तहत हुए सीट बंटवारे में भाजपा ने 160 सीटों, रामविलास पासवान की लोजपा ने 40, जीतनराम मांझी की हम और उपेन्द्र कुशवाहा की रालोसपा ने 20-20 सीटों पर चुनाव लड़ा था। रूझानों के अनुसार लोजपा 40 में से 9, हम 20 में से 8 और रालोसपा 20 में से केवल 3 सीटों पर आगे है। सहयोगी पार्टियों की सीटों पर लालू और नीतीश ने बाजी मार भाजपा को पछाड़ दिया। हालांकि भाजपा भी 2010 का अपना प्रदर्शन नहीं दोहरा पाई। 2010 चुनावों में भाजपा ने 102 सीटों पर चुनाव लड़ा था 91 जीती थी जबकि इस बार उसे केवल 80 के लगभग सीटें मिल रही है।