नहीं रहे अभिनेता सईद जाफरी

saeed-jaffreyनई दिल्ली। कई चर्चित फिल्मों में यादगार किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता सईद जाफरी का निधन हो गया है। वे 86 साल के थे। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सईद जाफरी की भांजी शाहिन अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर उनके निधन की जानकारी दी। भारत में जन्मे ब्रिटिश अभिनेता सईद जाफरी ने कई हिंदी और ब्रिटिश फिल्मों में अभिनय किया। उनकी सराहनीय फिल्मों में द मैन हु वुड बी किंग, ए पासेज टू इंडिया और द फार पवेलियन्स भी शामिल हैं। उनकी भांजी शाहिन अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया, आज जाफरियों की एक पीढ़ी गुजर गई। सईद जाफरी भी अपने भाई-बहनों और पिता से जा मिले हैं। सईद जाफरी के लिए गांधी (1982), हिना (1991) जैसी फिल्मों के किरदार यादगार रहे। राजकपूर की फिल्मों में उन्हें अक्सर देखा जाता था। उन्होंने अभिनेत्री और लेखिका मेहरूनिमा (मधुर जाफरी) से शादी की थी। हालांकि यह शादी 1965 में टूट गई थी। उनकी तीन बेटी मीरा, जिया और सकीन जाफरी हैं।