राहुल का मोदी पर हमला, कहा: मेक इन इंडिया नहीं टेक इन इंडिया

rahul 1सहारनपुर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सहारनपुर में किसान यात्रा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी वादे झूठे साबित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार भी किसान व मजदूरों के शोषण में लगी है।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तो किसान व गरीबों का हिन्दुस्तान चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार झूठे वादे कर देश को विदेशियों के हाथ में सौंपना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना पर काम कर रही है। इनको प्रदेश के गरीब व किसानों की बात बेकार लगती है। उत्तर प्रदेश का किसान दिन पर दिन कर्जदार होता जा रहा है। चीनी मिलों के मालिक गन्ना किसानों का भुगतान रोकने के बाद नई-नई मिले लगाते जा रहे है और किसान आत्महत्या पर मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को प्राथमिकता के आधार पर किसान तथा गरीब के बारे में कुछ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी मिल बंद हैं। गन्ना की खरीद नहीं हो रही। किसानों का चारों ओर से शोषण हो रहा है। यहां पर किसानों के लिए बैंक के दरवाजे बंद है। उनको कर्ज नहीं मिल रहा है। पिछला बकाया मांगा जा रहा है और उत्तर प्रदेश सरकार दावा कर रही है कि किसानों का कर्ज माफ किया गया है। सरकार कह रही है कि हमने सिंचाई माफ कर दी है, लेकिन यहां तो नहरों में पानी ही नहीं है। लगातार सूखा झेल रहा किसान एक-एक पैसे को तरस रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीबों की कहानियां सुनाकर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर पहुंचे मोदी अब गरीबों को भूल गये हैं। केंद्र से किसानों की किसी की योजना पर काम नहीं हो रहा है। मोदी के अच्छे दिन की बात झूठी है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस का साथ दें। किसानो ने पहले हमें समर्थन किया था तो हमने उनके लिए काम किया था। कांग्रेस अभी भी किसानों के साथ खड़ी है। हमने गरीबों को दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार दिया। मनरेगा से उनको काफी लाभ मिला। लोग कुछ करने लायक बन सके। हमने किसानों का करीब 70 हजार करोड़ रुपया माफ कराया। उन्होंने मोदी के मेक इन इंडिया पर तंज करते हुए कहा कि इसका नाम होना चाहिए टेक इन इंडिया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार कुछ बना नहीं रही है बल्कि लोगों से उनकी चीज ले रही है। उन्होंने कहा जब से मोदी की सरकार आई है मजदूर और किसान के संकट बढ़ गए हैं। देश में कहीं सूखा और तो कहीं बाढ़। उन्होंने कहा कि आज वक्त की जरूरत है कि हल और हाथ की ताकत साथ आए।