कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तों ने लगाई गंगा में डुबकी

ganga snaan kashi

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर वाराणसी के घाटों पर आस्था और श्रद्धा का नजारा दिखा। हजारों श्रद्धालु घाटों पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे। कार्तिक महीने की पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। आज के दिन पुण्य प्राप्ति के लिए लोग गंगा में डुबकी लगाते हैं। साथ ही मां गंगा की पूजा-अर्चना भी करते हैं। स्नान के बाद भक्तों ने बहती गंगा में दीप दान भी किया।
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन सूर्य की पहली किरण के साथ ही सबने गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। ऐसी मान्यता है कि आज के दिन गंगा में नहाने से पुण्य प्राप्त होता है। ज्योतिषियों के अनुसार धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा विशेष फल देने वाली होती है। आज के दिन जो भी भक्त सच्चे मन और विश्वास के साथ गंगा में डुबकी लगाते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं जरूर पूरी होती हैं। काशी में इस त्योहार का खासा महत्व है। स्कंद पुराण की मानें तो आज के दिन स्वर्ग से देवतागण धरती पर आते हैं, इसीलिए भोले नाथ की नगरी में गंगा में स्नान और पूजन करने से शिव के साथ-साथ भगवान विष्णु भी प्रसन्न होते हैं और भक्तों को मोक्ष की मिलता है।