मोदी बोले: त्योहार हैं भारत की पहचान

modi newनई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शिरकत के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने मीडिया के सवालों का जवाब भी दिया और एक छोटा संबोधन भी दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि त्योहारों से समाज को गति मिलती है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत के त्योहारों का यदि जिक्र किया जाए तो अनगिनत बेहतर स्टोरी मीडिया को मिल सकती हैं। वहीं इनके जरिए भारत की विविधताओं की जानकारी पूरे विश्व को हो सकती है। उन्होंने महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान यूरोप के किसी छोटे से देश की जनसंख्या के बराबर लोग इसमें आते हैं। यही है भारत की पहचान। समारोह में आने वाले पत्रकारों ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने दिवाली की पत्रकारों को शुभकामनाएं भी दी। इस समारोह का आयोजन दिवाली के आसपास ही होना था लेकिन प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम के चलते इस कार्यक्रम को आज आयोजित किया गया है। समारोह में शिरकत के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत कई अन्य नेता भी भाजपा ऑफिस में मौजूद हैं।