कमल खिला, गांव में पंजे की पकड़ भी मजबूत

Congress-BJPअहमदाबाद। गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अब तक के रुझानों में शहरों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे चल रही है, वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस आगे है। हालांकि कुछ शहरों में कांग्रेस की तरफ से भाजपा को कड़ी टक्कर मिलती नजर आ रही है, लेकिन दोपहर तक भाजपा ने सभी महानगर पालिकाओं में बढ़त बना ली है। अहमदाबाद नगर निगम में मौजूदा मेयर भाजपा की मीनाक्षी पटेल चुनाव जीत गई हैं। इस बीच, पाटीदार आरक्षण को लेकर विरोध कर रहे हार्दिक पटेल के गृह वार्ड वीरमगाम में भी भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं, जिला पंचायत की 31 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस 15 सीटें जीत चुकी है, जबकि भाजपा तीन पर आगे है। रुझान आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिए हैं। सूरत में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। सूरत की 116 सीटों के लिए भाजपा 50 सीट पर, जबकि कांग्रेस 35 सीटों पर लीड कर रही है। वहीं, भाजपा ने 20 सीटों पर तो कांग्रेस ने 16 सीटें जीत ली हैं। शुरुआती रुझानों में भाजपा भावनगर में कांग्रेस से पिछड़ती नजर आ रही थी, लेकिन अब यहां भी भाजपा ने बढ़त बना ली है। भावनगर की 52 सीटों के लिए भाजपा 35 पर, जबकि कांग्रेस 13 सीटों पर लीड कर रही है।