जनहित के मुद्दों पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा: खत्री

congress2लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन 9 दिसम्बर से शुरू होकर 31 दिसम्बर तक प्रदेश के विभिन्न मंडलों के प्रमुख शहरों में महंगाई, साम्प्रदायिक तनाव, ध्वस्त कानून व्यवस्था, गन्ना किसानों की समस्या एवं विभिन्न भर्ती घोटालों के विरोध में आयोजित की जाने वाली पदयात्रा के चौथे चरण के तहत आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री के नेतृत्व में मुरादाबाद मंडल की सद्भाव बढ़ाओं -अभाव मिटाओ पदयात्रा मुरादाबाद में आयोजित की गयी। हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों ने भारी उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लिया।
प्रदेश कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के वाइस चेयरमैन वीरेन्द्र मदान ने बताया कि मुरादाबाद में आज पदयात्रा अम्बेडकर पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गवर्नमेंट कालेज पर समाप्त हुई।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री ने कांग्रेसजनों एवं उपस्थित हजारों संख्या में स्थानीय जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, रहजनी जैसे जघन्य अपराधों से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। गन्ना किसानों को जहां एक तरफ पिछला बकाये का भुगतान नहीं मिला वहीं इस बार पेराई सत्र शुरू होने के लगभग डेढ़ माह बीत चुके हैं किन्तु मिलें अभी तक शुरू नहीं हो पायी हैं। गन्ना किसानों का गन्ना खेतों में पड़ा है। किसानों को बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा अभी तक नहीं मिल पाया है। प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। केन्द्र की मोदी सरकार जनविरोधी रवैया अपनाये हुए है, कोई भी कल्याणकारी कदम नहीं उठा रही है एवं कांग्रेस पार्टी पर राजनीतिक विद्वेष की भावना से कार्यवाही करने में जुटी है। कांग्रेस पार्टी सदैव से किसानों और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है, जनहित के मुद्दों पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।