महिला बन गयी शनि शिंगणापुर ट्रस्ट की अध्यक्ष

shani shignapurमुंबई । पांच सदी पुराने शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट की पहली बार एक महिला अध्यक्ष चुनी गई है। अध्यक्ष बनने के तत्काल बाद 40 वर्षीय अनिता शेटे ने कहा कि वह मंदिर में महिलाओं को पूजन की इजाजत नहीं होने की परंपरा जारी रखेंगी। हाल ही में एक महिला ने मंदिर में शनि महाराज को तेल चढ़ा दिया था, जिससे बवाल मच गया था।
नव निर्वाचित अनिता शेटे ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि 500 साल पुराने मंदिर में महिलाओं को शनिदेव की मूर्ति पर तेल चढ़ाने की इजाजत नहीं है। मंदिर ट्रस्ट में पहली बार महिला अध्यक्ष और 11 अन्य ट्रस्टियों में वैशाली लांडे सदस्य चुनी गई हैं। शेटे व 11 अन्य ट्रस्टियों का कार्यकाल पांच साल का रहेगा।
पुणे की 4 महिलाओं ने 400 महिलाओं के साथ शिंगणापुर मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा तोडऩे की असफल कोशिश की थी। ये महिलाएं पूजन के लिए शिंगणापुर पहुंच गई थीं, इससे काफी बवाल हुआ था। हालांकि बाद में ये बगैर पूजन के लौट गई थीं।
पिछले साल पुणे की एक युवती ने मंदिर में महिलाओं के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र चौतरे (चबूतरे) पर चढ़कर शनिदेव को तेल चढ़ा दिया था। हालांकि बाद में इस महिला ने गलती से ऐसा करने की बात कहते हुए माफी मांग ली थी। इस पर काफी बवाल मचा था और ग्रामीणों ने मंदिर का शुद्धिकरण किया था।