सीएम अखिलेश बोले: अर्थव्यवस्था में नौजवानों के लिए काफी सम्भावनाएं

cm newलखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था में नौजवानों के लिए अपार सम्भावनाएं हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नौजवान इन अवसरों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। नौजवानों को जागरूक किए जाने कि जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देने वाली पत्रिकाओं को उद्यम स्थापित करने के साथ-साथ कुटीर उद्योग आदि के सम्बन्ध में भी जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘नया लक्ष्यÓ जैसी पत्रिकाएं नौजवानों को विविध जानकारी हासिल करने के लिए काफी मददगार साबित हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर प्रतियोगी पाक्षिक पत्रिका ‘नया लक्ष्यÓ का विमोचन करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं के दूरगामी असर की जानकारी आम लोगों को नहीं हो पाती। इस सम्बन्ध में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए परियोजनाओं के प्रभाव से लोगों को अवगत करा सकता है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोगों का शहरों की तरफ झुकाव कम होगा, क्योंकि इस एक्सप्रेस-वे के फलस्वरूप कई जरूरी सुविधाएं लोगों को अपने क्षेत्रों में ही मिलने लगेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह परियोजना शीघ्र पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेजी से काम करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश में नवयुवकों की विशाल जनसंख्या की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नौजवानों को नौकरी एवं रोजगार की दरकार है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की शुरूआत में लगभग 45 लाख नौजवानों के पंजीयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि इस विशाल आबादी को शीघ्र रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया तो विशाल नौजवान आबादी का कोई लाभ समाज को नहीं मिल पाएगा। इसीलिए राज्य सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है। वर्तमान समय को सूचनाओं का दौर बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यापार क्षेत्र में ई-बिजनेस तेजी से विकसित हो रहा है। भविष्य में व्यापार की और भी कई विधाएं प्रचलन में आ सकती हैं। इसके लिए मानसिक रूप से नौजवानों को तैयार और प्रशिक्षित करना सरकार एवं समाज का दायित्व है। इस कार्य में मीडिया भी काफी उपयोगी एवं सकारात्मक भूमिका अदा कर सकता है।