मायावती का हमला: लोहिया होते तो सपा से बाहर होते मुलायम

mayawati-latestलखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आज अपने 60वें दिन पर समाजवादी पार्टी तथा केंद्र सरकार पर जमकर बरसीं। लखनऊ में आज बसपा मुख्यालय पर केक काटने के बाद मायावती ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर व्यय को जनता के धन की बर्बादी बताया।
मायावती ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के बीते दो जन्मदिन पर जनता का धन बर्बाद किया। मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन रामपुर तथा सैफई में शाही शाही तरीके से मनाया गया। जन्मदिन पर रामपुर तथा सैफई में जिस तरह से पैसा पानी की तरह बहाया गया वह बेहद निंदनीय है। यह जन्मदिन लोहिया की विचारधारा के विरुद्ध मनाया गया। अगर डॉ. लोहिया जी जिंदा होते तो मुलायम सिंह को समाजवादी पार्टी से बाहर कर देते। सैफई महोत्सव में भी बेदर्दी से सरकारी धन बर्बाद किया जा रहा है। प्रदेश में अराजक तत्वों और गुंडों की सरकार है। मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी के समाजवाद और लोहिया के समाजवाद में जमीन आसमान का अंतर है। प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से सावधान रहने की जरूरत है।
मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2017 का विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख मंदिर मुद्दा गरमाने की जुगत में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास इसके अलावा कोई चारा नहीं है। यह लोग उत्तर प्रदेश में माहौल खराब कर राजनैतिक रोटियां सेंकने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद भी उत्तर प्रदेश की जनता नरेंद्र मोदी को दिल्ली व बिहार की तरह झटका देने को तैयार है। प्रदेश की जनता अब सांप्रदायिक ताकतों को मौका देने के मूड में नहीं है। यह लोग अराजकता फैलाने में आगे हैं। चुनाव को लेकर भाजपा, आरएसएस के साथ अन्य हिंदू संगठन लगातार बैठकें कर रहे हैं। इनमें प्रदेश का माहौल खराब करने की योजना बन रही है। इसके बाद भी भाजपा को चुनाव में हार का स्वाद चखना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी देश के महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग कर रही है। केंद्र सरकार को भी देश के संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर देश के गरीब तथा निर्बल लोगों के लिए कोई योजना शुरू करनी चाहिए थी। बाबा साहब का नाम राजनैतिक हथकंडों में इस्तेमाल किया गया। भाजपा दलित वोटों को लुभाने की कोशिश में है।
सवर्णों को भी आर्थिक आधार पर मिले आरक्षण
मायावती ने जन्मदिन के मौके पर सवर्णों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सवर्णों को आर्थिक पर आरक्षण देने के पक्ष में है। उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब तो हर तरफ दलितों का हक़ छीना जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह दलित वोट को अपने पक्ष में करने में लगी हुई है लेकिन ऐसा होगा नहीं। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज लखनऊ में बसपा मुख्यालय, 12 माल एवेन्यु में दिन में 12 बजे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में केक काटकर अपना 60वां जन्मदिन मनाया। जनकल्याणकारी दिवस के रूप में यह जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जिला केंद्रों पर जनसभाएं होगी जिनमें मायावती का भाषण टीवी स्क्रीन पर लाइव प्रसारित किया गया। इस मौके पर मायावती ने ब्लू बुक को लांच किया और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। बसपा मुखिया मायावती स्वलिखित ब्ल्यू बुक के 11 वें हिंदी व अंग्रेजी संस्करण के विमोचन में उनके प्रशंसक मौजूद थे।