सीएम अखिलेश बोले: सपा सरकार निष्पक्ष समाचार की प्रहरी

cm18febलखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में समाचार पत्रों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। मीडिया को चौथी सत्ता के रूप में भी जाना जाता है। समाजवादी सरकार स्वतंत्र और निष्पक्ष समाचार की प्रहरी है। उन्होंने कहा कि सही और ईमानदारी से लिखी गई खबर हमेशा दिल और दिमाग पर असर डालती है।
मुख्यमंत्री आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दैनिक समाचार पत्र जनमोर्चा के लखनऊ संस्करण के लोकार्पण के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनमोर्चा समाचार पत्र जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देता है। इसने जनता और सरकार के बीच सेतु का काम किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद फैजाबाद में स्व0 गुमनामी बाबा उर्फ भगवान जी से सम्बन्धित वस्तुओं के प्रदर्शन के लिए एक म्यूजियम बनाया जाएगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव ने कहा कि जनमोर्चा अखबार ने सदैव ही गरीबों की बातों उठाने का काम किया है। इसीलिए इसने अपनी पहुंच गरीब के घरों तक बनायी है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जनमोर्चा समाचार पत्र के सम्पादक श्री शीतला सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।