कांग्रेस के बागी 9 एमएलए बीजेपी के हुए

harish rawat ukनई दिल्ली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा समेत कांग्रेस के नौ बागी विधायक बुधवार रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले कांग्रेस के इन बागी विधायकों में बहुगुणा के अलावा पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, अमृता रावत, सुबोध उनियाल, शैलारानी रावत, प्रणव सिंह चैम्पियन, शैलेन्द्र मोहन सिंघल, उमेश शर्मा काउ तथा प्रदीप बत्रा शामिल हैं। कांग्रेस के इन बागी नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के प्रभारी श्याम जाजू तथा उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, सतपाल महाराज तथा कुछ अन्य नेता भी मौजूद थे। इन विधायकों को पार्टी में शामिल करने का फैसला बुधवार को ही भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में लिया गया था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड के पार्टी नेताओं के साथ बैठक में भी इस संबंध में चर्चा की थी।
इस मौके पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भट्ट ने कहा कि सभी विधायकों ने भाजपा नेतृत्व में विश्वास के कारण बिना किसी शर्त के पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने कहा कि ये सभी विधायक हरीशर रावत सरकार की विभिन्न नीतियों के खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि वे इन जन विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेेंगे।