राजस्थान में आसमान से आग: पारा पहुंचा 51 डिग्री

sumerनई दिल्ली। देश का उत्तरी हिस्सा भीषण गर्मी से जूझ रहा है। राजस्थान के फलौदी में तो गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां गुरुवार को आसमान से ऐसी आग बरसी कि पूरे देश का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। फलौदी में अधिकतम तापमान 51.1 डिग्री पहुंच गया। 60 साल पहले अलवर में 10 मई 1956 को तापमान 50.6 डिग्री दर्ज किया गया था। राजधानी जयपुर में भी 25 मई 1932 के बाद गुरुवार को सबसे गर्म दिन रहा। तब तापमान 47.7 डिग्री रहा था, गुरुवार को 46.5 डिग्री को छू गया। राजस्थान में गर्मी से 23 लोगों की मौत की भी सूचना है। अकेले जोधपुर में दो दिन में 16 मौतें हो चुकी हैं। प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने गाइडलाइन जारी की है।
सरकार आंकड़े छुपाने में जुट गई है। फलौदी में स्थानीय स्तर पर तापमान बताने पर सेंंसर ही लगा दिया गया। जयपुर मौसम केन्द्र से गुरुवार शाम को 51.0 डिग्री तापमान जारी किया गया। जबकि वहां स्थानीय स्तर पर तापमान 55.0 डिग्री को छू रहा था। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार स्थानीय स्तर पर तापमान बताने के लिए अधिकृत केन्द्र नहीं है। जन साधारण में डर नहीं फैले, इसलिए फलौदी में तापमान बताने पर रोक लगाई गई है।
गुजरात के अहमदाबाद में भी गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां बीते 100 साल में पहली बार तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में 2010 में 25 मई को सबसे ज्यादा टेम्परेचर 46 डिग्री था। उसके बाद गुरुवार को सबसे ज्यादा 45.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही गर्मी से यूपी, दिल्ली, मध्यप्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ भी झुलस रहे हैं। हरियाणा के हिसार में 46 डिग्री और पंजाब के अमृतसर में तापमान 43.8 डिग्री रहा, जबकि दिल्ली में तापमान 43 डिग्री के आसपास रहा। राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर, गंगानगर और जैसलमेर में भी पारा 49 डिग्री के पार रहा। राजस्थान के ही चूरू में तापमान 50.2 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया है। यहां पारा 47 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर नहीं निकलें। उत्तराखंड में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 18 मई से छुट्टी देने को कहा गया है। वहीं हरियाणा में भी सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी 23 मई से 25 जून तक करने की घोषणी की गई है। पहले ये एक जून से होनी थीं। तेज गर्मी के चलते ट्रेनों के एयरकंडीशनर फेल होने की शिकायतें मिल रही हैं।