यूपी में आम महोत्सव मनाने की तैयारी हुई तेज

Mango-Festivaलखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में आम की विविधता पूर्ण उत्पादन एवं विभिन्न प्रजातियों से जन-सामान्य को अवगत कराने के लिए प्रदेश स्तरीय आम महोत्सव-2016 का आयोजन आगामी जून माह के अंतिम सप्ताह में कराया जाये। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव-2016 का उद्घाटन प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा कराने का अनुरोध किया जाये। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2016 के आयोजन हेतु इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान में उचित स्थान जनहित में नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2016 में प्रदेश के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों से भी प्रतिभागियों को अपना स्टॉल लगाने हेतु आमंत्रित किये जाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर आम महोत्सव के आयोजन हेतु प्रादेशिक फल, शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी की भांति मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 24 सदस्यीय आम महोत्सव समिति का गठन किया जायेगा। जिसका पंजीकरण सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट के अंतर्गत कराया जायेगा। गठित आम महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त श्री प्रवीर कुमार तथा सह सदस्य सचिव निदेशक, पर्यटन एवं निदेशक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण होंगे।
मुख्य सचिव आज उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2016 के आयोजन हेतु अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में बैठक लेकर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव-2016 में प्रगतिशील किसानों को आमंत्रित किये जाने के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ आम प्रदर्श के प्रतिभागी को 11000 नकद धनराशि के रूप में उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने निजी क्षेत्र के आम उत्पादकों में उत्कृष्ट आम प्रदर्शों को पुरस्कार दिए जाने हेतु प्रमुख व्यवसायिक आम किस्मों, चूसने वाली किस्में, संकर किस्मों, विदेशी किस्मों, प्रसंस्करण किस्मों, रंगीन किस्मों तथा अन्य किस्मों के आमों के उत्पादकों को भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाने के निर्देश दिये।
श्री रंजन ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा आम महोत्सव-2016 के प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग, बैक ड्राप, साज-सज्जा, मीडिया प्रबंधन आदि की व्यवस्था तथा आम महोत्सव-2016 का लोगो तैयार किया जाये। उन्होंने यह भी बताया कि हाफेड द्वारा 24 से 26 जून, 2016 को चुनिन्दा स्थलों पर सीधे बागवानों के आम फलों को आकर्षक पैकिंग में पैक कर अपने आउट लेट में उपलब्ध कराकर प्रदेश के आमों का प्रमोशन तथा प्रमुख होटलों एवं प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा आम के विभिन्न पकवानों के प्रदर्शन हेतु मैंगों फीस्ट की व्यवस्था करायी जायेगी एवं आम पकवानों की प्रतियोगिता करायी जायेगी।
मुख्य सचिव ने बताया कि केन्द्र द्वारा संरक्षित आम की विभिन्न प्रजातियों, आम से तैयार अन्य उत्पादों, आम से सम्बन्धित विभिन्न उपकरणों को प्रदर्शित किया जायेगा। तथा आम उत्पादन की विभिन्न नवीन तकनीकों पर केन्द्र के वैज्ञानिकों के व्याख्यान एवं आम से सम्बन्धित साहित्य का वितरण भी कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि आम महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश की प्रमुख व्यवसायिक आम की किस्मों के अतिरिक्त अन्य विशिष्ट एवं गौण आम की किस्मों को प्रदर्शित कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के द्वारा संरक्षित एवं केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के द्वारा संरक्षित विकसित नवीनतम प्रजातियों तथा बागवानों द्वारा विभिन्न प्रजातियों को इस अवसर पर प्रदर्शित किया जायेगा।
श्री रंजन ने बताया कि इस महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की मुख्य बागवानी फसल आम की विविधता एवं समृद्धता को आम-जन को सुलभ कराते हुये इस फसल पर हो रहे प्रयोग प्रजातीय विकास तथा आम का चहुमुंखी विकास किया जाना हैं इस अवसर पर आम उत्पादकों को अपने आम को महोत्सव में बिक्री के साथ-साथ अन्य प्रदेशों में बिक्री करने के अवसर सुलभ हो सकेंगे। साथ ही आम के बहुमुखी उपयोग से भी दर्शक और अधिक लाभान्वित हो सकेंगे। अन्य प्रान्तों में भी आम के और अधिक प्रभावी विपणन के लिये कार्यवाही की जा सकेगी साथ ही आम के विभिन्न पकवान एवं प्रसंस्कृत उत्पाद आम-जन को सुलभ हो सकेंगे। साथ ही हार्टी टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। आम महोत्सव में आम पर सेमिनार का आयोजन किया जायेगा, जिसके माध्यम से नवीन तकनीकों के प्रसार के साथ ही प्रदेश के प्रगतिशील आम बागवानों को अपनी तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु अवसर उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर आम उत्पादकों/विक्रेताओं एवं क्रेता/निर्यातकों की एक बायर-सेलर मीट का आयोजन कराकर आम क्रेताओं/विक्रेताओं को एक मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अन्य प्रान्तों में भी आम के और अधिक प्रभावी विपणन के लिए कार्यवाही की जा सकेगी।