जाकिर का पीओ गिरफ्तार: आईएस में जाने के लिए कर रहा था प्रेरित

Zakir-Naik-मुंबई। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद विवादों में आए मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र एटीएस और केरल पुलिस ने साझा ऑपरेशन चला कर जाकिर नाइक के पीआईओ अरशीद कुरैशी को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया है। कुरैशी पर केरल की मरियम का धर्म परिवर्तन कर उसे आतंकी संगठन आईएस में भेजने का आरोप है।
पुलिस ने अरशीद के फ्लैट पर छापा मारकर अरेस्ट किया। इसके बाद उसे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल अरशीद 4 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर है। पहले महाराष्ट्र एटीएस अरशीद से पूछताछ करेगी। इसके बाद उसे केरल ले जाया जाएगा। उसके खिलाफ कोच्चि में आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) और धारा 153 ए (समूहों के बीच शत्रुता फैलाने) के साथ-साथ गैर कानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि केरल से 21 लोग लापता हो चुके हैं, इनके आतंकी संगठन आईएस से जुडऩे की खबरें आ रही हैं। इसी में से एक महिला मरियम उर्फ मेरिन है। मेरिन ने पहले ईसाई लड़के के साथ शादी की थी। बताया जा रहा है कि उसी ने एक मुस्लिम बिजनेसमैन के साथ मिलकर मेरिन को धर्म परिवर्तन कराने पर मजबूर किया। मेरिन जाकिर नाइक के कट्टर धार्मिक विचारों से भी काफी प्रभावित बताई जा रही है।
वहीं केरल के एक शख्स एबिन जेबक ने बताया कि उसकी बहन मेरिन अपने पति के साथ लापता है। जेबक का आरोप है कि मेरिन के पति और कुरैशी ने जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराया और उसे आईएस में भर्ती करा दिया। उसने कहा कि कुरैशी ने उसे भी धर्म परिवर्तन करने और आईएस में भर्ती होने के लिए दबाव डाला, लेकिन उस पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।