आफत बनकर आयी बारिश: उत्तर भारत में भारी मुसीबत

RAIN_AHMEDABAनई दिल्ली। उत्तर भारत सहित पूर्वोत्तर राज्यों में हो रही भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनकर आई है। असम, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बाढ़ की स्थिति का जाएजा लेने के लिए आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह असम का दौरा करेंगे।
दिल्ली नोएडा, मुंबई और बेंगलुरु में भारी बारिश के चलते लोगों को भयंकर ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। देश की राजधानी दिल्ली से सटे मिलेनियम सिटी गुडग़ांव में राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर बारिश का पानी भरने से गुरुवार शाम 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हाल यह था कि गुरुवार शाम दफ्तरों से निकले कई लोग शुक्रवार सुबह अपने घर पहुंच पाए। यही हाल घर से दफ्तर जाने वालों का रहा। लोग यहां-वहां फंसे रहे।
करीब 19 घंटे बाद सड़क पर भरा पानी उतरने लगा तो शुक्रवार दोपहर 11 बजे जाम खुलना शुरू हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग आठ दिल्ली को जयपुर से जोड़ता है। यह गुडग़ांव होकर गुजरता है। ट्रैफिक जाम तो साइबर सिटी गुडग़ांव में था। लेकिन उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ा। आइटी, आइटी इनेबल्ड और टेलीकॉम सेक्टरों में काम ठप होने से अमेरिका सहित दुनिया के कई बड़े देशों में काम प्रभावित हो गया है। करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। हरियाणा सरकार ने गुडग़ांव के पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क पर जाम का ठीकरा फोड़ते हुए उनका तबादला रोहतक कर दिया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। अमेरिका सहित कई देशों में इस तरह के लंबे जाम लगते रहे हैं पर भारत में संभवत: पहली बार ऐसा जाम देखने को मिला है।
गुडग़ांव के जाम के बाद शुक्रवार को दोपहर बाद हुई बारिश के बाद नोएडा एक्सप्रेस वे पर सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया। नोएडा में महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर 135 तक करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
आइटी हब बेंगलुरु और हैदराबाद से लेकर मुंबई तक में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया। बेंगलुरू में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह जल भराव की सम्स्या आ रही है। आलम यह है कि सड़कों पर नावें तैरती हुई नजर आ रही हैं और लोग मछलियां पकड़ रहे हैं। लोग सड़कों पर बह रहे पानी में मछली पकड़ते भी देखे गए। गुरुवार रात भर हुई भारी बारिश से सड़कों पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया।