माया की मांग: नैतिकता पर अखिलेश देें इस्तीफा

mayawatiलखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रोड होल्ड अप के बाद गैंग रेप की घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस्तीफा मांगा है। मायावती का कहना है कि अगर अखिलेश यादव से उत्तर प्रदेश संभल नहीं रहा है तो फिर नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दें।
मायावती ने बुलंदशहर कांड को निंदनीय बताया है।मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है।
उत्तर प्रदेश में अपराधिक तत्व बिना किसी भय के घूम रहे हैं। अब प्रदेश सरकार जवाब दे कि कैसे जिम्मेदार लोग मां-बेटी की अस्मत कैसे लौटा सकते हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बुलंदशहर की घटना बेहद ही दर्दनाक और शर्मनाक है। उत्तर प्रदेश में अब महिलाओं का घर से निकलना बेहद असुरक्षित हो गया है।
यहां पर हर जगह कानून-व्यवस्था दिन पर दिन बद-से-बदतर होती जा रही है। बसपा की मुखिया मायावती ने कहा कि परिवार के साथ कहीं जा रहे लोगों के साथ लूटपाट व गैंगरेप की घटना निंदनीय है। उत्तर प्रदेश के हालात दिनों-दिन खराब होते जा रहे हैं।