तेवतिया मामला: शूटरों ने ली थी सुपारी

gun-shotगाजियाबाद। भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर जानलेवा हमला भाड़े के शूटरों ने किया था। उनकी हत्या के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की सुपारी दी गई थी, जो हरियाणा के एक हिस्ट्रीशीटर ने ली थी और उसने ही पंजाब और हरियाणा के शूटरों को हत्या के लिए भेजा था। इस वारदात की पटकथा कई महीनों से लिखी जा रही थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाश ने सुपारी देने वालों और हिस्ट्रीशीटर की मध्यस्थता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कई बैठकों के बाद सुपारी की रकम फाइनल हुई थी। पुलिस मामले के पर्दाफाश के करीब पहुंच चुकी है। उसे आरोपियों के चंगुल में आने का इंतजार है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश व उत्तराखंड समेत कई प्रदेशों में पुलिस की टीमें रवाना की हैं।
भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर गुरुवार रात को हमले के बाद से पुलिस की जांच महरौली निवासी मनोज व रजापुर निवासी शेखर पर ही टिकी थी। पुलिस पुरानी रंजिश को ही हमले का कारण मानकर चल रही थी। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी है। इन्हीं जानकारियों व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में मनोज के एक करीबी को भी हिरासत में लिया है। उसके पकड़ में आने के बाद ही पुलिस को मदद मिली है।
पुलिस सू्त्रों की मानें तो हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर ने ही वारदात के लिए कार व असलहे उपलब्ध कराए थे। इस घटना के लिए गुडग़ांव से लूटी गई कार, एके-47, कार्बाइन, नाइन एमएम की पिस्टल व अन्य असलहों का घटना से कई दिन पहले ही बंदोबस्त कर लिया गया था। वारदात में बरामद हुई एके-47 के तार भी पंजाब से जुडऩे की बात पुख्ता होती दिखाई दे रही है।