पहली दो उड़ानों से 598 हज यात्री रवाना हुये

haz yatriलखनऊ (आरएनएस)। आज पहली हज फ्लाइट से 298 हज यात्रियों ने मदीना के लिये प्रस्थान किया। इन हज यात्रियों में 155 पुरूष एवं 143 महिलायें शामिल हैं। इसी प्रकार आज की दूसरी फ्लाइट से 300 हज यात्री रवाना हुये हैं जिनमें 158 पुरूष और 142 महिलायें शामिल हैं। आज रात जाने वाली फ्लाइट से 300 यात्रियों, 144 पुरूष और 156 महिलाओं की बुकिंग हो चुकी हैं। आज की दूसरी उड़ान तक लखनऊ इम्बार्केशन से 9292 हज यात्री रवाना हुये हैं।
हज अधिकारी तनवीर अहमद ने बताया कि कल 21 अगस्त के लिये 40 हज यात्रियों की बुकिंग हो चुकी है, जिनमें 19 पुरूष और 21 महिलायें शामिल हैं। ये यात्री कल सायं 05:40 बजे जाने वाली शेड्यूल्ड फ्लाइट से जेद्दाह पहुँचेंगे और वहां से मक्का जायेंगे। ये यात्री यहीं से एहराम पहनकर जायेंगे। इन 40 यात्रियों में शाहजहांपुर का एक शिशु मोहम्मद आफिक भी अपने अभिभावक के साथ जायेगा। इससे पूर्व लखनऊ इम्बार्केशन से दो शिशु हजयात्रा पर अपने अभिभावकों के साथ गये हुये हैं।
तनवीर अहमद ने बताया कि दिल्ली इम्बार्केशन से आज जाने वाली अंतिम उड़ान के लिये गाजियाबाद हज हाउस से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 175 हज यात्रियों, 92 पुरूष और 83 महिलाओं को रवाना किया गया। इस तरह दिल्ली इम्बार्केशन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुल 8670 हज यात्रियों ने हज के लिये प्रस्थान किया है। वाराणसी इम्बार्केशन से पहले ही 3720 हज यात्री रवाना हो चुके हैं। अभी तक प्रदेश के 21682 यात्री हज यात्रा पर जा चुके हैं। इन यात्रियों में लखनऊ से आज रात में जाने वाली फ्लाइट के लिये बुक किये गये 300 हज यात्री शामिल नहीं हैं।