राजीव भी जाना चाहते थे अयोध्या मगर हो गयी हत्या

rajiv-gandhi_लखनऊ। यूपी में अपनी किसान महायात्रा के चौथे दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज अयोध्या पहुंचेंगे। यहां राहुल सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में प्रार्थना करेंगे। हालांकि वह यहां से एक किमी दूर विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल पर जाएंगे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
गुरुवार को राहुल ने बस्ती में ग्रामीणों से मुलाकात की। मालूम हो, 26 साल पहले वर्ष 1990 में उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अयोध्या की यात्रा के दौरान हनुमानग़ढ़ी मंदिर जाने की योजना बनाई थी। लेकिन समयाभाव के चलते वे नहीं जा सके थे। उसके अगले साल 21 मई, 1991 को उनकी हत्या हो गई।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बीते चुनावों में कई बार फैजाबाद के दौरे पर गईं लेकिन कभी अयोध्या नहीं गईं। एक कांग्रेस नेता ने बताया कि राजीव गांधी से पहले 1960 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी अयोध्या गई थीं। यहां उन्होंने सरयू नदी पर हो रहे विकास कार्यों का शुभारंभ किया था।शुक्रवार को अंबेडकर नगर के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी फैजाबाद में रोड शो करेंगे। इसके बाद अगले दिन शनिवार को वह सपा का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में होंगे।