टैल्गो ने मचाई धूम: 12 घंटे से कम में पहुंची मुंबई

talgo

नई दिल्ली। स्पनिश टैल्गो ट्रेन ने राजधानी दिल्ली से रवाना होकर मुंबई तक का सफर 11 घंटे 49 मिनट में पूरा किया। टैल्गो का दिल्ली-मुंबई के लिए यह फाइनल ट्रायल था। दिल्ली से यह ट्रेन शनिवार दोपहर 2.45 बजे निकली थी। इसे मुंबई में रात 2.29 बजे पहुंचना था। यह 2.34 बजे पहुंची। इस बार टैल्गो का 12 घंटे से कम में पहुंचने का टारगेट रखा गया था।
दिल्ली से मुंबई के बीच की दूरी 1384 किलोमीटर है और बताया जा रहा है कि ट्रेन ने इस दूरी को तय करने के लिए 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ी थी। पिछले तीन ट्रायल में टैल्गो इस स्पीड तक नहीं पहुंच पाई थी। टैल्गो के तीसरे ट्रायल में यह 18 मिनट लेट थी और इसकी स्पीड भी तब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टैल्गो का पहला ट्रायल उत्तर प्रदेश के बरेली-मुरादाबाद खंड के बीच कराया गया था। जबकि दूसरा ट्रायल नॉर्थ-सेंट्रल रेलवे के पलवल-मथुरा खंड के बीच हुआ था।
टैल्गो के पिछले ट्रायल 130-140 किमी प्रति घंटा की स्पीड से किए गए। जबकि अभी तक देश में राजधानी एक्सप्रेस एवरेज स्पीड 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और शताब्दी ट्रेन 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार होती है। टैल्गो ट्रेन में कम वजनी कोच लगे हुए हैं, जिनका मकसद दिल्ल से मुंबई की जर्नी के वक्त को 4 घंटे तक कम करना है।