बाजारों में छायी धनतेरस की रौनक

dhantersबिजनेस डेस्क। इस वर्ष धनतेरस की तिथि भले ही गुरुवार से लग रही हो, लेकिन पर्व शुक्रवार को ही मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पंडित संजय पांडे कहते हैं, इस बार कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी 27 अक्टूबर शाम 5.12 से 28 अक्टूबर की शाम 6.17 बजे तक रहेगी। इसके बावजूद 28 को उदयकाल में त्रयोदशी मिलने व सायंकाल में त्रयोदशी की उपलब्धता के कारण धनतेरस का पर्व शुक्रवार को ही मनाया जाएगा। पूजन के लिए गोधूलि बेला व वृष लग्न शुभकाल हैं। ऐसे में 28 अक्टूबर को गोधूलि बेला शाम 5:45 बजे शुरू हो रही है। वृष लग्न का योग होने से रात 8.30 बजे तक पूजन का शुभ मुहूर्त है।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार भी धनतेरस 28 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय पंचांग के संपादक व पूर्व कुलपति डॉ. रामचंद्र झा और जालंधर के सुरेश पंडित की भी राय है कि 28 अक्टूबर को धन्वंतरि पूजा व धनतेरस है, क्योंकि शुक्रवार को सूर्योदय व सूर्यास्त दोनों ही त्रयोदशी तिथि में हैं। बहरहाल धनतेरस को लेकर बाजारों में खासी रौनक है और लोगों की खरीदारी के लिए बाजार सज गये हैं। लखनऊ में ही समझा जा रहा है कि करीब 5 सौ करोड़ से अधिक का कारोबार होगा।