योगी राज: अब बिरयानी पर लगेगी रोक

biryaniआगरा। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार आगरा आए प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल का भाजपा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंच से एसपी सिंह बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहर में जगह-जगह सड़क किनारे दुकानों पर बिकने वाली बिरयानी को लेकर बड़ा बयान दे दिया।
दरअसल मंत्री बनने के बाद आगरा आए एसपी सिंह बघेल का भजपा महानगर द्वारा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर स्वागत कार्यक्रम था। इस दौरान एसपी सिंह बघेल कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मंत्री बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मकर संक्रान्ति पर जनता के हितों को देखते हुए जब योगी सरकार सड़क घेरकर खिचड़ी बनाकर बांटने की अनुमति नहीं दे सकती तो जगह-जगह पर सड़क घेरकर दुकानों के बाहर बिरयानी को भी नहीं बेचने दिया जाएगा।
साथ ही अवैध स्लॉटर हाउस पर हो रही कार्रवाई पर बोलते हुए एसपी सिंह बघेल ने कहा कि नॉन वेज की जो दुकानें लगती थीं उन दुकानों पर चाहे किसी भी जाति विशेष या धर्म विशेष के लोग खाते हों लेकिन इससे देश का स्वास्थ्य खराब हो रहा था। अब ऐसा नहीं होगा। 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धोने सम्बन्धी अखिलेश यादव के बयान पर मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि वो समझते थे कि अब अखिलेश समझदार हो गए होंगे लेकिन ऐसा नहीं है वो अभी तक नासमझ हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में वापसी को भूल जाएं अखिलेश अब योगी और मोदी कोई भी नहीं जाने वाला। उन्होंने बताया की योगी सरकार के सिर्फ तीन एजेंडे हैं विकास विकास और विकास।