बाढ़ को लेकर सरकार ने तैयार की रणनीति

लखनऊ। मुख्य सचिव राजीव कुमार ने निर्देश दिये हैं कि प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधायें समय से उपलब्ध कराने हेतु विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदवार प्रत्येक दिन में प्रत्येक 06 घन्टे में बाढ़ प्रभावित लोगों को वितरित की जाने वाली नि:शुल्क खाद्य सामग्री सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर प्रमुख सचिव, राजस्व को अवगत करायें। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स का गठन कर निर्वाचन ड्यूटी की भांति सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर राहत अभियान चलाकर बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद समय से उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यालय पर चालू कन्ट्रोल रूम में तृतीय श्रेणी के कर्मी नहीं बल्कि संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी तैनात कर राहत कार्यों की निरन्तर रिपोर्टिंग सुनिश्चित कराई जाये। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की विद्युत देय बकाया होने की स्थिति पर उनकी बिजली कतई न काटी जाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में बाढ़ से प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य एवं अन्य सामग्री तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि स्थापित बाढ़ चैकियों में आवश्यकतानुसार इलाज उपलब्ध कराने हेतु पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यकतानुसार आस-पास जनपदों के चिकित्सकों को रोस्टर के अनुसार बाढ़ चैकियों में तैनात करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधायें समय से उपलब्ध कराने हेतु किसी स्तर पर कोई कमी न होने पाये। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारी से बचाव हेतु पानी में उपयोग करने हेतु आवश्यक मात्रा में क्लोरीन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध करा दी जाये। राहत आयुक्त के कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित है जिसका नं0-0522-2237515 तथा 1070 है जो आदेशों के अनुपालन में 24 घन्टे खुला रहेगा।