यमुना नदी में पलटी नाव: 9 की मौत, दर्जनों लापता

 

बागपत। जिला मुख्यालय से तकरीबन 6 किमी दूर काठा गांव के पास यमुना नदी में नाव के पलट जाने से अभी तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दर्जनों लोग अभी लापता हैं जिनकी गोताखोरों के द्वारा तलाश की जा रही है।
घटना से गांव काठा में कोहराम मचा हुआ है जबकि प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज लोगों ने दिल्ली सहारनपुर हाइवे को जाम कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बागपत के काठा गांव निवासी अनेक महिला और पुरुष हर रोज नाव द्वारा यमुना पार करके मजदूरी और खेती किसानी के लिए हरियाणा जाते हैं। गुरुवार की सुबह भी तकरीबन 6.30 बजे 60 के करीब महिला और पुरुष यमुना पार करके हरियाणा जाने के लिए नाव में सवार हुए थे कि थोड़ी दूर चलने के बाद ही अचानक नाव डगमगाकर यमुना में पलट गई। बताया जाता है कि नाव में सवार लगभग 20 लोग तो तैरकर बाहर निकल आए जबकि अन्य यमुना नदी में ही समा गए। घटना की सूचना पाकर ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों की खोजबीन शुरू कर दी गई। अभी तक 9 शवों को निकाला जा चुका है जबकि कई दर्जन लोग अभी भी लापता हैं जिनकी यमुना में तलाश की जा रही है। उधर घटना के कई घंटे बाद भी जब अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो गुस्साये लोगों ने दिल्ली सहारनपुर हाईवे जाम कर दिया। फिलहाल यमुना नदी में गोताखोर ग्रामीण खोज बीनकर रहे हैं।