मायानगरी में जल विप्लव: स्कूल-कालेज बंद

 

मुंबई। मुंबई में एक बार फिर बारिश परेशानी का सबब बन सकती है। मंगलवार दोपहर बाद भारी बारिश हुई जिसके बुधवार को और तेज होने के संकेत मौसम विभाग ने दे दिए हैं। मंगलवार को बारिश के कारण शहर में जगह-जगह नुकसान की भी खबर है। छत्रपति शिवाजी इंटरनैशनल एयरपोर्ट की 56 उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया है। पहले एयरपोर्ट के दोनों रनवे बंद कर दिए गए थे लेकिन अब केवल मुख्य रनवे बंद है। मुंबई लोकल ट्रेन सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। कुछ देर के लिए लोकल की सेवाएं बंद की गई थीं। फिलहाल सेवाएं जारी हैं और कुछ देरी के साथ चल रही हैं।
वहीं बारिश के कारण भूस्खलन होने से भांडुप में 2 लोग जख्मी हो गए। अंधेरी सबवे, एसवी रोड, खार, सांताक्रूज, पेद्दर रोड, किंग्स सर्कल आदि स्थानों पर भारी जलभराव भी हुआ है। बीएमसी ने जमा हुए पानी को निकालने के लिए 127 पंप लगाए हैं। शहर भर में पेड़ गिरने की 34 घटनाएं सामने आई हैं। ठाणे में एक टेंपो और एक घर पर पेड़ गिर गए। इससे घर की छत को नुकसान पहुंचा है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।