बीजेपी मुख्यालय का पता बदला: नये भवन में हुआ शिफ्ट

नई दिल्ली। बीजेपी मुख्यालय का पता आज से बदल गया। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा का नया पार्टी मुख्यालय हो गया। पीएम मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के साथ मिलकर इस बिल्डिंग का उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमित शाह और उनकी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समय सीमा से पहले ही इस काम बखूबी अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुख्यालय बजट से नहीं सपने और काम करने की लगन से बनता हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह काम बजट की व्यवस्था से नहीं होता। इसके लिए टीम स्परिट चाहिए और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन टोली ने इस काम को बखूबी निभाया है। कार्यक्रम की शुरुआत बन्दे मातरम के साथ शुरू हुई। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम देखने में छोटा जरूर है लेकिन भाजपा के लिए बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि इस मुख्यालय के लिए कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। यह सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कार्यकारिणी और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक हो सकती है। अमित शाह ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण दिन है। सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का यह सपना था कि अपना दफ्तर हो। अब जबकि पीएम ने इसका उद्घाटन किया है यह सपना अब हकीकत में बदल गया। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, सुषमा स्वराज, पीयूष गोयल, लालकृष्ण आडवाणी समेत शीर्ष पार्टी नेता मौजूद हैं। पार्टी का नया कार्यालय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा विभिन्न दलों को अपना कार्यालय लुटियन जोन से अन्यत्र ले जाने के निर्देश के बाद भाजपा ऐसा कदम उठाने वाली पहली बड़ी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।