केजरी की भविष्यवाणी: कांग्रेस को मिलेगा 9 फीसद वोट

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि 2019 लोकसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला आप और भाजपा के बीच होगा और कांग्रेस को कुल वोटों में से केवल 9 फीसदी वोट ही मिलेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा, आप और भाजपा में सीधी टक्कर। कांग्रेस को मात्र नौ प्रतिशत वोट। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, केजरीवाल ने यह भी कहा कि लोगों को लगता है कि अगर दिल्ली के सभी सातों सांसद आप के होते तो मेट्रो का किराया नहीं बढ़ता।उन्होंने कहा कि लोग सोचते हैं, केवल आप दिल्ली वालों के हक के लिए लड़ती है। भाजपा और कांग्रेस के सांसद कभी दिल्ली वालों की नहीं सोचते और अगर सातों सांसद आप के होते तो सीलिंग नहीं होती और मेट्रो का किराया भी नहीं बढ़ता।ज्ञात हो कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सातों सीटें जीती थीं और कांग्रेस व आप खाता तक नहीं खोल सकी थीं।