साथ नही लिया इसलिए कांग्रेस के कारनामों को कर पा रहें है उजागर-सपा

नई दिल्ली। एमपी की राजधानी भोपाल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को धन्यवाद कि उन्होंने समाजवादी पार्टी और बसपा को साथ नहीं लिया। इससे अब हम उनके द्वारा किए गए गलत कामों के बारे में खुल कर बोल पा रहे हैं। अगर समाजवादियों और बसपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को कांग्रेस साथ ले लेती तो मध्य प्रदेश में 200 सीट जीत जाती। भाजपा जो कहती है वो करती नहीं हैं। भाजपा हर जगह परिवार को बढ़ावा देती हैं। सपा ने अपनी कथनी और करनी में कभी भी फर्क नहीं रखा है। पार्टी का मानना है कि बिना किसान को आगे बढ़ाए विकास नहीं किया जा सकता। अल्पसंख्यक, आदिवासी, पिछड़े वर्ग के भाइयों को जब तक न्याय नहीं मिलेगा विकास अधूरा है। उन्होने कहा कि एमपी में पिछली बार हमारे विधायक नहीं थे लेकिन उससे पहले 8 समाजवादी विधायक जीते थे। वोट प्रतिशत भी अच्छा था। इस बार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का भी साथ हैं। इसलिए विश्वास है कि सीट भी बढ़ेंगी और वोट भी बढ़ेगा।
यादव ने कहा कि उनकी पार्टी का घोषणा पत्र अन्य पार्टी के घोषणा पत्रों की तरह नहीं है। हम गोंडवाना पार्टी के साथ मिलकर इसे अमल में लाएंगे। समाजवादी सरकार ने यूपी में जो साढ़े तीन लाख का लोहिया आवास दिया उसे हम मध्य प्रदेश में 5 लाख रूपए में देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान सबसे ज्यादा दुःखी है। सरकार का झूठा दावा रहा है कि मध्य प्रदेश का किसान खुशहाल है। भाजपा ने किसानों से पूरे देश में किया कोई भी वादा पूरा नहीं किया। जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां किसान खुदकुशी के सबसे ज्यादा मामले हुए हैं। आंकड़े बताते हैं कि भाजपा की सरकार के साढ़े चार सालों में करीब 40 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। किसान की आय दोगुनी करने का वादा भाजपा धोखा देने के लिए कर रही है। यूपी में गन्ना किसानों को बकाया भुगतान अदा कर देने का झूठ बोला गया।
——————–