अखिलेश बोले: एमपी में साइकिल की रफ्तार तेज

भोपाल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में ऐसी हवा चल रही है कि साइकिल ने सबको पीछे छोड़ दिया है। जनता ने इस बार साइकिल की रफ्तार को बढ़ा दिया है।
अखिलेश यादव ने छतरपुर में एक जनसभा में कहा कि समाजवादियों ने हमेशा जनता का भरोसा मजबूत करने का काम किया है। समाजवादियों को मौका मिलने पर गरीबों के चेहरे पर खुशहाली लाने का प्रयास होगा। यह शिवाजी की धरती है, यहां ऐतिहासिक कार्यक्रम में लाल टोपी का दिखना परिवर्तन का संकेत है। इसका संदेश समाजवादी पार्टी की मजबूती है।
उन्होंने आगे कहा कि 15 साल के भाजपा शासनकाल में जो महंगाई कांग्रेस ने छोड़ी थी, भाजपा उसे और ऊपर ले गयी। भाजपा-कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है। दिल्ली की सरकार में बैठे लोग झाड़ू लगा रहे हैं। उसके बाद भी गंदगी नहीं खत्म हुई, क्योंकि भाजपा की नीयत साफ नहीं है। अखिलेश ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने गरीबों के हित में कोई कार्य नहीं किया। महंगाई ने गरीब को मार दिया। देश में रुपये की कमी नहीं है। अगर कमी होती तो बड़े-बड़े लोग गरीब का पैसा बैंक से लेकर नहीं भागते। देश के युवाओं में निराशा हैं। इसे सिर्फ समाजवादी ही दूर कर सकते हैं। देश में बड़े फैसले समाजवादी ही ले सकते हैं। किसानों को आज भी आय दुगुनी होने का इंतजार है। गरीब के पास उज्ज्वला सिलेंडर दूसरी बार भरवाने की कोई व्यवस्था नहीं है।