प्रियंका ने पूछा: ट्विटर जानते हो…

विशेष संवाददाता, लखनऊ। नमस्ते दीदी… प्रियंका के सामने पड़ते ही एक नेता ने अभिवादन किया। प्रियंका ने बैठने का इशारा करते हुए उनसे पूछा क्या आप सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। नेता ने कहा हां। उन्होंने कहा कि ट्विटर जानते हैं तो नेता ने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर उन्होंने कहा कि ट्विटर पर एकाउंट बनाइये और सोशल मीडिया में अपनी पैठ बनाइये। कांग्रेस के एप पर भी लोगों को जोड़ें।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ऐक्टिव मूड में नजर आ रही हैं। पहले दिन की बैठक सुबह साढ़े पांच बजे खत्म करने के बाद वह दूसरे दिन की बैठक शुरू कर चुकी हैं। वह हर जिले के कार्यकर्ताओं से सिलसिलेवार मीटिंग कर रही हैं। इस दौरान प्रियंका से मिलने आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एक फॉर्म भरवाया जा रहा है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं द्वारा भरवाए फॉर्म में सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़ी जानकारियां पूछना इस बात का साफ संकेत है कि प्रियंका यह जान चुकी हैं कि लोकसभा की जंग जीतने के लिए सोशल मीडिया कितना जरूरी है। इसलिए इस प्लैटफॉर्म का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने पर जोर दे रही हैं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, प्रियंका की योजना चुनाव के लिए सोशल मीडिया का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने और साथ ही इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ पर्सनल कनेक्शन की है। इस फॉर्म पर नाम, पते के साथ एक कॉलम में पूछा गया है कि क्या आप वॉट्सऐप या ट्विटर पर हैं? अगर हैं तो वॉट्सऐप नंबर और ट्विटर हैंडल के बारे में बताइए। हालांकि यह कॉलम ऑप्शनल है लेकिन माना जा रहा है कि यूपी कांग्रेस में ऐसा पहली बार हुआ है जब कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रियता पर सवाल पूछे जा रहे हैं।