मोदी सरकार में इन लोगों की लग सकती है लॉटरी

नई दिल्ली। मोदी सरकार में पहली बार सांसद बने नेताओं को भी मंत्री बनने की उम्मीदें हैं। इनमें कई विधायक व राज्य सरकारों में मंत्री रह चुके हैं तो कुछ विपक्ष के बड़े नेताओं को हराकर आए हैं। भाजपा के सहयोगी दलों से भी नए चेहरों के आने की संभावना है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने नई मंत्रिपरिषद के नामों को लेकर चर्चा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नई मंत्रिपरिषद 30 मई की शाम को शपथ लेगी। नए मंत्रियों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। सूत्रो के अनुसार केंद्र में पहली बार मंत्री बनाने के लिए उत्तरप्रदेश से सत्यदेव पचौरी, विनोद सोनकर, ओडिशा से अपराजिता सारंगी, संगीता सिंह देव, छत्तीसगढ़ से मोहन मंडावी, गुहाराम अजगले, हरियाणा से अरविंद शर्मा आदि नाम की चर्चा है। यूपी से रीता बहुगुणा जोशी, एसपीएस बघेल, भानुप्रताप वर्मा, रेखा वर्मा भी मंत्री बनने की दौड़ में हैं। इसके अलावा शिवसेना से अनिल देसाई, भावना गवली, लोजपा से चिराग पासवान, अकाली दल से सुखबीर बादल, अन्नाद्रमुक के प्रमुख नेताओं के हार जाने के बाद नए चेहरे ही चुने गए हैं। जद(यू) से भी नए चेहरे को मंत्रालय में शामिल किया जा सकता है।