बीजेपी प्रेसीडेंट बोले: राशन और मास्क बांटे

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डा भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्र में गरीबों को राशन और मास्क बांटने को कहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम रविवार को जारी संदेश में नड्डा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों और भाजपा शासित राज्यों में मुख्यमंत्रियों से पार्टी कार्यकर्ताओं को आंबेडकर जयंती पर एक वीडियो संदेश भेजने को भी कहा है जिसमें उनसे गरीबों को राशन एवं मास्क बांटने की अपील की गयी हो।नड्डा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को 14 अप्रैल को अपने घर में आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर इसकी फोटो सोशल मीडिया पर भी साझा करना चाहिये। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को संविधान के आदर्शों का पालन करने और कोरोना के खिलाफ जंग में सरकार के निर्देशों का अनुसरण करने की भी शपथ लेनी चाहिये। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संविधान, सामाजिक समानता और समरसता के बारे में डा आंबेडकर के विचारों पर निबंध भी लिखना चाहिये।