नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार लॉकडाउन में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दी गई अनुमति से ज्यादा ढील नहीं देगी।केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के मामलों को कम करने पर जोर दिया।ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार तीन मई तक लॉकडाउन के दौरान आस पड़ोस की दुकानों को खोलने पर केंद्र के दिशा-निर्देशों को लागू कर रही है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में किसी भी बाजार या मॉल को खोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी और कोविड-19 निषिद्ध जोन में सभी दुकानें बंद रहेंगी।उन्होंने कहा, सरकार यथा स्थिति बनाए रखेगी और तीन मई तक लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील नहीं देगी, सिवाय उनके जिनकी अनुमति केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दी है। केजरीवाल ने कहा, हम मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं। हमें दिल्ली में कोविड-19 के मामलों की संख्या को कम करने के लिए अपने प्रयास जारी रखने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस किसी भी धर्म में भेद नहीं करता है।
केजरीवाल उवाच: अनुमति से ज्यादा ढील नहीं
