कहर दर कहर: अब ऋषि कपूर को दी अंतिम विदाई

मुम्बई। ऋषि कपूर पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। बेटे रणबीर कपूर ने अंतिम संस्कार की विधि पूरी की। इस वक्त परिवार के लोगों के साथ कुछ करीबी दोस्त शामिल थे। कई सेलेब्स ऋषि कपूर को अंतिम विदाई देना चाहते थे, लेकिन लॉकडाउन की वजह से ज्यादा लोग नहीं आ सके। बता दें कि ऋषि कपूर का गुरुवार सुबह 8.45 बजे निधन हो गया। बुधवार रात सांस लेने में परेशानी के कारण ऋषि कपूर को एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
ऋषि कपूर के निधन की जानकारी अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दी थी कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है। बता दें कि ऋषि कपूर के निधन के बाद परिवार ने स्टेटमेंट जारी कर लिखा था, हमारे प्यारे ऋषि कपूर आज सुबह 8.45 पर इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ का कहना है कि वह लास्ट तक सभी को एंटरटेन करते रहते थे। वह इन 2 सालों में बीमारी से लड़ते हुए भी खुश रहते थे। उनका फोकस सिर्फ परिवार, दोस्त, खाना और फिल्मों में था। जो भी उनसे मिलता वो ये देखकर चौंक जाते थे कि कैसे ऋषि ने बीमारी से खुद को कभी निराश नहीं होने दिया।