छत्तीसगढ़ में भी जहरीली गैस: कई भर्ती

रायगढ़। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का सामना कर रहे भारतीयों के लिए गुरुवार का दिन अच्छा नहीं रहा। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देशवासियों को गैस त्रासदी जैसी विपदा का भी सामना करना पड़ा। सुबह विशाखापत्तनम के पॉलिमर फैक्ट्री में गैसे लीक के चलते 10 लोगों की मौत और हजारों के बीमार होने के ठीक बाद गैस लीक के एक और हादसे की खबर आई है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक पेपर मिल में गैस लीक के चलते मजदूरों के बीमार होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। रायगढ़ के एसपी संतोष सिंह ने बताया कि मजदूर मिल में एक टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वे खतरनाक गैस के संपर्क में आए और गंभीर रूप से बीमार होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।