मौसम विभाग: दिल्ली में अभी और बढ़ेगी तपन

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत भारत के अधिकतर राज्यों में मई के महीने के आखिर में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर समेत देश के तमाम हिस्सों को अभी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को भी लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। दिल्ली के मानक सफदरजंग केन्द्र में भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभों के चलते दिल्ली में मार्च और अप्रैल के बाद मई में भी मौसम सामान्य नहीं हो रहा था। आंधी-पानी के चलते लगातार अधिकतम तापमान में गिरावट का रुख रहा, लेकिन पिछले तीन दिनों से तापमान मई वाली रंगत में लौट आया है। शुक्रवार को लोगों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए दिल्ली में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।दिल्ली में शुक्रवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया और इस साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। गर्म हवा चलने से दिल्ली के पालम और लोधी रोड इलाके में काफी गर्मी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले हफ्ते भी अधिकतम पारा 43-45 डिग्री के बीच रह सकता है।