लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी तरह के निराश्रितों की फिक्र करते हुए उनके लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राशन से वंचित निराश्रित व्यक्ति को खाद्यान्न के लिए 1000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ऐसे लोगों के राशन कार्ड भी बनाए जाएं, जिससे उन्हें नियमित तौर पर खाद्यान्न मिलता रहे। हर हाल में प्रदेश में कोई भूखा न रहे।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने आवास पर टीम 11 के अधिकारियों के साथ बैठक में लॉकडाउन की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गम्भीर रूप से बीमार निराश्रित के पास अगर आयुष्मान भारत योजना अथवा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का कार्ड नहीं है, तो उसे तात्कालिक मदद के तौर पर 02 हजार रुपए दिए जाएं। ऐसे निराश्रितों के समुचित उपचार की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी निराश्रित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को अन्तिम संस्कार के लिए 05 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए होम क्वारंटाइन के दौरान कामगारों/श्रमिकों को एक हजार रुपए का भरण-पोषण भत्ता प्रदान किया जाए। समस्त जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियमित तौर पर निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सभी कोविड अस्पताल सुचारु रूप से संचालित हों।उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति हर हाल में क्वारंटीन सेन्टर अथवा कोविड अस्पताल में ही रहे।
योगी बोले: निराश्रितों को एक हजार की मदद
