लॉकडाउन में यूपी 112 ने की 3 लाख लोगों की मदद

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से लॉकडाउन के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया। प्रदेश पुलिस की आपात सेवा 112 ने 24 मार्च से 31 मई तक की अवधि में लॉक डाउन के दौरान प्रदेश के 2.80 लाख से अधिक जरूरतमंदों को मदद पहुंचाई। इसमें 2 लाख से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों तक तो खाद्य सामग्री पहुचाई गई।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सेवा कार्यों के लिए समय-समय पर न सिर्फ निर्देश दिए बल्कि स्वयं लगातार निगरानी भी की। उनके निर्देश पर प्रदेश पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मानवीय संवेदना का एक अद्वितीय उदाहरण पेश किया है। लॉकडाउन में यूपी-112 ने 45 हजार बीमार, बुजुर्ग व जरूरतमंद व्यक्तियों तक जीवन रक्षक दवाइयां पहुंचाने और लगभग 26 हजार व्यक्तियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की। इनमें गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग व कैंसर जैसी बीमारियों के मरीज भी शामिल हैं। साथ ही पीआरवी के माध्यम से 8 हजार से अधिक व्यक्तियों तक जरूरी वस्तुएं जैसे घरेलू गैस सिलेंडर, दूध व पेट्रोल-डीजल आदि भी पहुंचाया गया।