बिहार चुनाव: भैया तेजस्वी हमार, हमनी के प्यारा लागे लन

पटना। बिहार चुनाव में राजद और जदयू ने पूरी ताकत झोंक दी है। वोटरों को लुभाने के लिए जहां तरह-तरह से प्रचार किया जा रहा है वहीं दोनों दल अपने तरीके से गीत और संगीत के माध्यम से भी वोटरों तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। इसी क्रम में राजद ने अपना एक और प्रचार गीत जारी किया। पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान को तेजस्वी भव बिहार टैग लाइन दिया है। प्रचार अभियान के केंद्र में नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में तेजस्वी प्रसाद यादव को ही रखा गया है। जारी किए गए प्रचार गीत के वीडियो में भी तेजस्वी को बिहार की माटी के लाल और जनता के सच्चे सेवक के रूप में पेश किया गया है। गीत के बोल इस प्रकार हैं-
माटी बिहार जेकर माथा में सजे ला,
जनहित के खातिर जे पल पल जिए ला।
जनता के हक की लड़ाई लड़े ला,
जनसेवा ला राह जे चले ला।
भैया तेजस्वी हमार, हमनी के प्यारा लागे लन,
सुख-दुख में जनता के साथ, सबसे आगे चले लन।
उधर जदयू ने भी अपना प्रचार गीत लांच किया
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पिछले पांच वर्षों में नीतीश सरकार की उपलब्धियों पर केन्द्रित अपने दो अभियान गीत जारी किया। रविवार को जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी द्वारा परखा है जिसको, चुनेंगे उसी को और आओ बताएं एक कहानी अपने राज्य बिहार की शीर्षक गीतों को लॉन्च किया गया। राज्य के मतदाताओं तक पहुंचने की अपनी रणनीति के तहत पटना में ये गीत जारी किये गये। इन कर्णप्रिय गीतों के माध्यम से बिहार की बदली तस्वीर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश हुई है। साथ ही इन अभियान गीतों के माध्यम से दल ने बिहार की जनता से एकबार फिर नीतीश कुमार को पूर्ण बहुमत देने की अपील की गई है।