सपा सरकार में मिलता था गुंडों को संरक्षण: सिंह

लखनऊ। यूपी सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें भाजपा सरकार के काम नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने पता नहीं कौन सा जादुई चश्मा पहन रखा है। पुश्तैनी मकान गिराए जाने के अखिलेश के बयान पर सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि अपराधिक छवि के लोगों को सपा सरकार में संरक्षण मिलता था। इसी कारण उस वक्त गुंडाराज कहा जाता था। सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंगलवार को सपा अध्यक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गुंडाराज पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है। हाथरस कांड के मामले में जो हमने बात कही, वही बात सुप्रीम कोर्ट ने कही है। अब दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। षडयंत्रकारी लोगों का पर्दाफाश हुआ। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि योगी सरकार ने सपा के वक्त कर्जदार हो गए किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्जा माफ किया। कोरोना के खिलाफ जंग में यूपी अव्वल है। रोजाना डेढ़ लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। चार लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश एमओयू साइन हुए थे। उसमें दो लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतर आया है। बाकी पर काम चल रहा है। कोरोना काल में ही दस देशों से 7000 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव आए हैं। यह सब अखिलेश यादव को नहीं दिख रहा है। पता नहीं उनके चश्मे का क्या रहस्य है।