लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के 29 जनपदों में सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान, समस्त जनपदों में विशेष टीकाकरण अभियान, आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कॉर्ड वितरण अभियान के प्रथम चरण का शुभारम्भ और बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में नव निर्मित कल्चर एण्ड डी0एस0टी0 लैब (सी0 एण्ड डी0एस0टी0), राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम विषयक प्रचार-प्रसार सामग्री का लोकार्पण किया। उन्होंने ड्रग रेजि़सटेंट क्षय रोगियों के उपचार के लिए नई औषधि (डेलामेनिड) का वितरण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया का आहवान करते हुए कहा कि उसे ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए लोगों में इसके सम्बन्ध में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व वैश्विक महामारी कोविड-19 से त्रस्त है, ऐसे में भी प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अच्छा कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल खण्ड में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने का जो कार्य चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ ने किया है। वह अत्यन्त सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 तक भारत को टी0बी0 मुक्त करने जो लक्ष्य रखा है, प्रदेश सरकार उस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्यपाल द्वारा 18 साल से कम उम्र के उपचाराधीन बच्चों को गोद लेने की अपील के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। आज प्रदेश में 18 साल से कम उम्र के उपचाराधीन बच्चों को गोद लिया गया है। इस पहल से इन बच्चों को बेहतर उपचार, देखभाल और पुष्टाहार के साथ परिजनों को भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा टी0बी0 के मरीजों को पोषण हेतु 500 रुपए की धनराशि उनके खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर क्षय रोग से सम्बन्धित एक डॉक्यूमेंट्र फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बावजूद प्रदेश में नियमित टीकाकरण का कार्य जारी रहा। लेकिन सम्भव है कि कोविड-19 महामारी के नियन्त्रण की कार्यवाही के दौरान कुछ बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए हों। टीकाकरण से छूटे ऐसे समस्त बच्चों का टीकाकरण करने हेतु आज से प्रदेश में विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश के समस्त जनपदों में आगामी 03 माह तक प्रत्येक सोमवार (प्रत्येक सप्ताह बुधवार और शनिवार के अतिरिक्त) को चलाया जाएगा।
क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का हो प्रचार-प्रसार
