सपा में शामिल हुए कई पुरोहित परिवार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों के प्रति आस्था जताते हुए मिर्जापुर मां विंध्यवासिनी के पुरोहित परिवार के सदस्य राज मिश्र ने आज अपने सैकड़ों अनुयायियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
श्री मिश्र ने अखिलेश यादव को उदीयमान नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्काल में जो शानदार काम किए है, उनकी आज भी चर्चा होती है। सन् 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में सम्पूर्ण बहुमत के साथ समाजवादी सरकार बनेगी और श्री अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे। इस भविष्यवाणी के साथ श्री मिश्र ने समाजवादी पार्टी को मजबूती देने का भी संकल्प लिया। उन्होंने श्री अखिलेश यादव जी को मां का प्रसाद, चुनरी तथा नारियल भेंट किया।
अखिलेश यादव ने राज मिश्र के समाजवादी पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि वे आश्वस्त हैं कि मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद उन्हें मिलता रहेगा। उन्होंने अमेरिकी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इसका संदेश दूर तक जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा नफरत और समाज को बांटने की राजनीति करती है। समाजवादी हमेशा सद्भाव, सबका सम्मान तथा सबके हित में काम करने में विश्वास करते हैं।