सीएम की घोषणाओं को 2016 तक पूरा करें अधिकारी: मुख्य सचिव

cs

जनसंदेश न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने जिला स्तरीय अधिकारियों को आदेश दिये है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को हर हाल में 2016 के अन्त तक पूरा किया जाय। श्री रंजन आज जनपद मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार मे मुख्यमंत्री की घोषणाओं व विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी कार्य कराये जाये उनकी गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने जिलाधिकारी से यह भी कहा कि वे समय-समय पर विकास योजनाओं व मुख्यमंत्री की घोषणाओं का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते रहे। गुणवत्ता व समयबद्धता में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाय। श्री रंजन ने समयबद्धता पर विशेष बल देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री की घोषणायें जनोपयोगी है और ये समय से पूरी कर दी जाय तो जनता इससे अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि योजनाओं के सफलतापूर्वक सम्पादित करने में कोई कठिनाई आती है तो उन्हें तत्काल अवगत कराया जाय।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने मुख्य सचिव को बताया कि इस जनपद में मुख्यमंत्री की कुल 40 घोषणायें है और उनकी प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी तथा योजनाओं में आने वाली दिक्कतों से भी अवगत कराया। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि कोई भी योजना शासन स्तर पर या प्रमुख सचिव स्तर पर लंबित हो तो उन्हें तुरन्त अवगत कराया जाय।