योगी की नई स्कीम: पराली दो, खाद लो

लखनऊ। पराली जलाने की गंभीर समस्या से राष्ट्रीय स्तर पर जल्द निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उत्तर प्रदेश में हो रहे काम राष्ट्रीय स्तर पर नजीर बन सकते हैं। यूपी के दो जिलों में करीब पांच हजार कुंतल पराली किसानों से जिला प्रशासन ने लिए हैं। उन्नाव में जिला प्रशासन किसानों को दो ट्राली पराली देने पर एक ट्राली गोबर की खाद निशुल्क दे रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में ट्विट कर कहा था कि ‘प्रिय किसान भाइयों, आपका प्रकृति एवं पर्यावरण से अभिन्न सम्बन्ध है। पराली का जलना पर्यावरण एवं हम सबके लिए अत्यंत हानिकारक है। आप अन्नदाता हैं, आपका कार्य जीवन को सम्बल देना है। आइए, पराली न जलाने व पर्यावरण के अनुकूल माध्यमों से उसके उत्पादक उपयोग का प्रण लें।’
दूसरे ट्विट में उन्होंने कहा था कि ‘प्रदेश के किसान बंधुओं के हित संरक्षण के लिए यूपी सरकार पूर्णत: प्रतिबद्ध है। पराली जलाने के दुष्प्रभावों और उसके बेहतर उपयोग के लिए कृषकों को जागरूक करने की आवश्यकता है। पराली जलाने से संबंधित कार्यवाही में किसान भाइयों के साथ कोई दुव्र्यवहार/उत्पीडऩ स्वीकार नहीं किया जाएगा।’मुख्यमंत्री के इस ट्विट के बाद धरातल पर असर दिखना शुरू हो गया। कानपुर देहात में तीन हजार कुंतल और उन्नाव में 1675 कुंतल से ज्यादा पराली किसानों से ली गई है। कानपुर देहात के डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि पराली की समस्या को देखते हुए हम किसानों को ग्रामीण स्तर पर जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा हमने तीन हजार कुंतल से ज्यादा पराली किसानों से ली भी है।
उन्नाव डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि हमारे यहां 125 गोशालाएं हैं। इनमें पर्याप्त मात्रा में गोबर की खाद उपलब्ध है। हम दो ट्राली पराली देने पर एक ट्राली गोबर की खाद निशुल्क दे रहे हैं।